गुरदासपुरः गुरदासपुर से लोकसभा सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा और उनके कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा कलानौर थाने का घेराव किया गया है। इस दौरान थाने के बाहर भारी हंगामा देखने को मिला।
इस दौरान उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और गुरदासपुर के एसएसपी तथा कलानौर के एसएचओ के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गुरदासपुर जिले के एसएसपी, डीएसपी और कलानौर पुलिस स्टेशन के एसएचओ, गैंगस्टरों के साथ मिले हुए हैं, और जिले के निवासी सुरक्षित नहीं है।
रंधावा ने दावा किया कि कुछ वरिष्ठ अधिकारी गैंगस्टरों के संपर्क में हैं और इन कथित संबंधों की सच्चाई जानने के लिए उनके मोबाइल फोन रिकॉर्ड की जांच की मांग की। पत्रकारों से बात करते रंधावा ने आरोप लगाया कि SSP और DSP रैंक तक के अधिकारी गैंगस्टरों के संपर्क में हैं। DGP गौरव यादव को चुनौती देते रंधावा ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की जाए, ताकि यह पता चल सके कि वे किन गैंगस्टरों के संपर्क में थे और कितनी बार उनसे बातचीत हुई।
रंधावा ने कहा कि अगर उनके आरोप गलत साबित होते हैं, तो वह कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर मेरे आरोप झूठे साबित होते हैं, तो DGP मेरे खिलाफ FIR दर्ज कर सकते हैं। लेकिन अगर वे सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी और वह खुद उन अधिकारियों के दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे, जिन पर मिलीभगत का आरोप है। रंधावा ने संगरूर के टूर गांव के गुलजार सिंह की मौत की भी गहन जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले के तार राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय गैंगस्टरों से जुड़े हो सकते हैं।
