गुरदासपुर: थाना कोटली सूरत मल्ली के अंतर्गत आने वाले गांव संगतुवाल में जमीन अधिग्रहण को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इसी दौरान काही के हमले में 55 वर्षीय पलविंदर सिंह पुत्र पूरन सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गयी। मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक पलविंदर सिंह का गांव के ही कुछ लोगों से जमीन के मालिकाना हक को लेकर पुराना विवाद था।
इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस के बाद मामला हिंसक हो गया। परिजनों ने बताया कि खेत में विवाद के दौरान पलविंदर सिंह पर चाकुओं से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के बाद परिजन घायल पलविंदर सिंह को इलाज के लिए ध्यानपुर और फिर बटाला अस्पताल ले गए।
लेकिन, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई किये जाने की जानकारी सामने आयी है। आरोपियों की गिरफ्तारी प्रक्रिया के बारे में अधिक आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
