शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनविश्वास अभियान के बीच एक ASI पर शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इतना ही नहीं, ASI पर ग्रामीणों से चार मुर्गे छीनने और 10 मुर्गे और देने की मांग करने का भी आरोप है।
मामला जयसिंहनगर जनपद के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत बनसुकली का है। यहां जनविश्वास अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि ASI दीपक सिंह परिहार अपनी ड्यूटी छोड़कर दूसरी जगह पहुंचे और शराब के नशे में आदिवासी ग्रामीणों के साथ विवाद करने लगे। ग्रामीणों के मुताबिक, ASI ने मुर्गों से भरे वाहन को रोककर चार मुर्गे छीन लिए और 10 अन्य मुर्गों की मांग करने लगे। जब इस हरकत का विरोध किया गया तो मामला और बढ़ गया। विरोध करने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य गुजरात सिंह के साथ भी ASI द्वारा अभद्रता और विवाद किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे शहडोल SP डॉ. संजय कुमार अग्रवाल को लिखित और मौखिक शिकायत दी गई। शिकायत और वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए SP ने ASI दीपक सिंह परिहार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जनता का विश्वास जीतने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिसकर्मी पर लगे इन आरोपों ने पुलिस महकमे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले में आगे की जांच में क्या सामने आता है।
