गुरदासपुरः जिले के सीमावर्ती हल्का डेरा बाबा नानक ने गांव शिकार माछियां में रात 9 बजे 20 से 25 लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इस घटना में कमांडो के 2 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें डेरा बाबा नानक के सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। गांव के लोगों ने बताया कि नशा तस्करों ने ही पुलिस पार्टी पर हमला किया है। फिलहाल पुलिस द्वारा 25 लोगों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव के व्यक्ति ज्ञानबीर सिंह ने बताया कि गांव में कुछ लोग नशा बेचने का काम करते हैं। जब गांव के एक घुट ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उहोंने हमला कर उनके दो व्यक्तियों को जख्मी कर दिया। इस घटना को लेकर उन्होंने गांव के सरपंच को बताया तो सरपंच ने पुलिस को फोन कर दिया। ऐसे में जब पुलिस रिंकू मसीह के घर पहुंची तो पुलिस पार्टी पर 20 से 25 लोगों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में 2 कमांडो के जवान जख्मी हो गए। गांव निवासियों ने बताया कि गांव में बड़ी मात्रा में नशा बिकता है। ऐसे में जब किसी को इसकी सूचना दी जाती है तो नशा तस्कर उन पर हमला कर देते हैं। रात भी तस्करों ने उनके एक साथी बलविंदर सिंह पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस संबंध में थाना कोटली सूरत मल्ली के एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (पुरानी IPC की धारा 307 के समकक्ष, हत्या के प्रयास से संबंधित) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं इस मामले में 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया, जिन्होंने पुलिस पार्टी पर हमला किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी ने रिंकू मसीह के घर पहुंची थी, तभी लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना में कमांडो के 2 जवान जख्मी हुए हैं। इसी के साथ ही गांव का ही व्यक्ति बलविंदर सिंह भी जख्मी हुआ है।