मानसाः ड्रग्स के खिलाफ काम करने वाले एक एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चिंता जताई। वहीं आज दहशहरा पर्व पर केंद्रिय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले एक बार फिर से सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम नशों के खिलाफ लड़ रहे परमिंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ हर कदम पर मजबूती से खड़े हैं। परिवार की मांग मानते हुए, हम यह मामला CBI को सौंप रहे हैं। नशा तस्करों के खिलाफ हमारी लड़ाई एक निर्णायक और पूरी ताकत से लड़ी जाने वाली लड़ाई है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए जो भी कड़े कदम उठाने पड़े, हम उन्हें उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।

बता दें कि इससे पहले सीएम मान ने परिजनों के प्रति संवेदना जताई और साथ ही भरोसा दिलाते हुए कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। सीएम ने डीजीपी को इस घटना की गंभीरता से जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मानसा में एक बहुत दुखद घटना हुई है, जिसमें सोशल वर्कर परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मैं साफ करना चाहता हूँ कि पंजाब पुलिस इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी। अगर इस साज़िश के पीछे कोई और भी शामिल पाया जाता है, तो उसे भी बख्शा नहीं जाएगा।”
भगवंत मान ने कहा, ”हमने पूरे पंजाब में हर तरह के ड्रग्स के खिलाफ जंग छेड़ रखी है और किसी को भी कोई रियायत या नरमी नहीं बरती जाएगी। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह व्यक्ति कौन है या उसके कितने बड़े लोगों से संबंध हैं। मैं परमिंदर सिंह झोटा के परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त करता हूँ। ऐसी घटना कभी नहीं होनी चाहिए थी। मैंने DGP को सख़्त निर्देश दिए हैं कि वे इस मामले की पूरी जाँच करें और यह सुनिश्चित करें कि सच पूरी तरह से सामने आए।”
