श्रीगंगानगरः जिले में कार सवार तस्करों को फिल्मी स्टाइल में पुलिस नाकाबंदी दौरान पकड़ने का मामला सामने आया है। दरअसल, तस्करों ने तेज रफ्तार कार से सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी जिसके बाद टक्कर लगते ही तस्करों की गाड़ी बंद हो गई। पुलिस ने पंजाब के रहने वाले 2 तस्करों को गिरफ्तार किया और उनकी कार भी जब्त कर ली। पुलिस को तस्करों के पास से हेरोइन, अफीम और विदेशी हथियार मिले हैं, जो पाकिस्तान से भेजे गए थे।
जानकारी देते एसपी हरिशंकर ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब 2 बजे नशे की खेप और हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने समेजा कोठी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-911 (श्रीगंगानगर से खाजूवाला, बीकानेर) पर भारी नाकाबंदी की थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैरिकेडिंग लगाकर सड़क को पूरी तरह बंद किया गया था। इसी दौरान अनूपगढ़ की तरफ से तेज स्पीड में एक लग्जरी कार आती नजर आई। इस कार का पुलिस पीछा कर रही थी। तस्कर ने रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली से नाकाबंदी देखी तो जोरदार टक्कर मारकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाड़ी टक्कर के बाद वहीं रुक गई। गाड़ी रुकते ही दोनों तस्कर उतरकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के पास से पाकिस्तान की तरफ से भेजी गई ड्रग्स और हथियारों की खेप बरामद हुई है जिसमें 1.50 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 5 विदेशी पिस्टल और 72 राउंड थे।
दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनके पाकिस्तान और पंजाब के अन्य तस्करों से लिंक की भी जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपियों से थाने में पूछताछ की जा रही है और नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
