अंबालाः अंबाला-जगाधरी हाईवे पर कैंट रामपुर मोड़ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां तड़के करीब 4 बजे यात्रियों से भरी एक टेम्पो ट्रैवलर हाईवे पर मुड़ रही हाइड्रा से टकरा गई। दोनों वाहनों की आमने-सामने हुई टक्कर से टेम्पो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे में वाहन में सवार महिलाओं व बच्चों समेत परिवार के 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। वहीं स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद हाइड्रा चालक मौके से फरार हो गया।
View this post on Instagram
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी चड्डा ने बताया कि, “हाइड्रा क्रेन गलत दिशा से आ रही थी और रामपुर मोड़ पर अचानक टर्न ले लिया। सामने से आ रही टेंपो ट्रैवलर के चालक ने वाहन बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अचानक मोड़ लेने के कारण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टेंपो ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।” उन्होंने बताया कि आसपास के दुकानदारों और लोगों ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
जांच अधिकारी तेजिंदर ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि रामपुर मोड़ के पास टेंपो ट्रैवलर और हाइड्रा क्रेन की टक्कर हुई है। मौके पर पहुंचकर घायलों को लोगों की मदद से नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टेंपो ट्रैवलर जम्मू से सहारनपुर जा रही थी और रॉन्ग साइड से आ रही हाइड्रा से टकरा गई, पूरे मामले की जांच की जा रही है।” पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फरार हाइड्रा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारी तय कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

