कैथलः जिले के गांव टयोंठा में पानी को लेकर 2 पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान जमकर लाठी डंडे चले। घटना में दपंति सहित बेटी घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार पड़ोस के कई व्यक्तियों ने मिलकर परिवार के सदस्यों पर डंडे, लाठियों और गंडासियों से हमला कर दिया। यह झगड़ा पानी की निकासी को लेकर हुआ, जब सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक महिला अपने घर का फर्श धो रही थी। इस दौरान गंदा पानी पड़ोसियों के मकान की ओर से नाले में जा रहा था। पड़ोसियों ने महिला और उसके परिवार को ऐसा करने से रोका।
जिस पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग अपने घर से डंडे और गंडासियां लेकर आए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिवार के सदस्यों के सिर और अन्य भागों पर गंभीर चोटें आई। महिला अपने परिवार सहित इलाज करवाने के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में पहुंची। महिला कृष्णा देवी ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपने घर में फर्श धो रही थी।
इस दौरान उनके पड़ोसियों ने कहा कि उनकी तरफ गंदा पानी मत आने दो। पड़ोसी प्रदीप, कृष्ण, शिवांस व अन्य उनको घसीटकर अपने घर ले गए। वहां पर उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उस पर डंडे व गंडासियों से हमला कर घायल कर दिया। जब उसकी बेटी व सास बचाव में आए, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। बाद में जब उसका पति घर आया, तो उसे भी बुरी तरह से पीटा। पूंडरी एसएचओ शिवकुमार ने बताया कि अभी पुलिस के पास इस संबंध में शिकायत नहीं आई है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
