पंचकूलाः पिंजौर थाना क्षेत्र के सूरजपुर बाईपास के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 5:00 बजे बाईपास के पास यह हादसा हुआ। नारकंडा से चंडीगढ़ एयरपोर्ट जा रहे टेंपो ट्रैवलर की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
वहीं पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में भर्ती करवाया । बताया जा रहा है कि यात्री चंडीगढ़ एयरपोर्ट से जयपुर की फ्लाइट पकड़ने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।

