फगवाड़ाः शहर में आज सुबह पुल पर पराली से भरी 2 ट्रालियों हादसे का शिकार हो गई।इस घटना में हाईवे पर लंबा जाम लग गया और आवागमन काफी समय तक प्रभावित रहा। यह हादसा स्थानीय अदालतों के सामने स्थित पुल पर हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, पराली से भरी 2 ट्रॉलियां जालंधर से फिलौर की ओर जा रही थीं। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली फगवाड़ा फ्लाईओवर पर पहुंची तो एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर चालक अपना संतुलन खो बैठा और दोनों ट्रॉलियां सड़क के बीच पलट गईं।
हादसे संबंधी जानकारी देते हुए दीपू नामक युवक ने बताया कि वे पराली लेकर फिलौर जा रहे थे। इस दौरान एक ट्रक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ट्रक की टक्कर के कारण दोनों ट्रॉलियां पलट गईं। खुशी की बात है कि इस हादसे में ट्रैक्टर चालकों की जान बच गई और कोई जानमाल की हानि नहीं हुई। जिसके बाद क्रेन की मदद से पलटी हुई ट्रॉलियों को सड़क से हटाया गया और ट्रैफिक को फिर से सुचारू रूप से चलाया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

