गुरदासपुरः पंजाब सरकार द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन की शुरुआत कर दी गई है। इसके तहत आज गुरदासपुर के जूडो हॉल में जूडो मुकाबले करवाए गए। इन मुकाबलों का शुभारंभ मुख्यातिथि और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट गुरदासपुर के चेयरमैन राजीव शर्मा ने किया।
इस मौके पर चेयरमैन राजीव शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का नया सीजन भी शुरू हो गया है, जिसके तहत विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज जूडो के मुकाबले शुरू करवाए गए हैं और विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही पंजाब सरकार की ओर से मुकाबलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के खान-पान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
चेयरमैन राजीव शर्मा ने बताया कि जूडो कोच अमरजीत शास्त्री की ओर से कुछ मांगें उनके ध्यान में लाई गई थी। जिनमें स्कीम नंबर 7 में लड़कियों के लिए जूडो हॉल बनाने की मांग भी शामिल थी। इसे ध्यान में रखते हुए आज घोषणा की गई है कि स्कीम नंबर 7 में बन रहे स्पोर्ट्स क्लब में जल्द ही जूडो हॉल बनाया जाएगा, जहां लड़कियां भी जूडो की प्रैक्टिस कर सकेंगी।
वहीं जूडो कोच अमरजीत शास्त्री ने चेयरमैन राजीव शर्मा की प्रशंसा करते कहा कि इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कई चेयरमैन रहे हैं, लेकिन राजीव शर्मा ने यह साबित किया है कि अगर किसी नेता की सोच अच्छी हो और उसमें काम करने की इच्छा हो तो विकास कार्य तेजी से करवाए जा सकते हैं।
उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसा नेता नहीं देखा, जो गुरदासपुर के विकास के लिए लगातार काम कर रहा हो। उन्होंने चेयरमैन राजीव शर्मा का धन्यवाद भी किया। इस मौके पर जूडो एसोसिएशन के सदस्यों की ओर से विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन राजीव शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
