मनोरंजन: सिंगर दलेर मेहंदी इन दिनों खूब सुर्खियों में बने हुए हैं। उनके साथ कुछ समय पहले कुछ ऐसा हुआ जिसके बाद पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री में काफी गुस्सा है। इंडस्ट्री के काफी लोग उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल के बर्ताव से गुस्सा थे। मीका सिंह तो मंत्री को दलेर मेहंदी से माफी मांगने के लिए भी कह चुके थे। हालांकि अब ये मुद्दा सुलझ गया है। मीका सिंह ने बीते दिन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में मंत्री की ओर से माफी मांग ली है।
कपिल शर्मा हो गए थे नाराज
मीका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई मुद्दों पर बताया। इस दौरान उन्होंने यह बताया कि कैसे मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी की छवि बिगाड़ कर उन पर गंभीर आरोप लगाए। इसके साथ ही सिंगर ने उन सभी लोगों को भी जवाब दिया जिन्होंने उनके भाई पर सवाल उठाए। इस दौरान मीका ने कॉल के बारे में भी बताया जिसमें कपिल शर्मा उनसे नाराज हो गए थे।
मीका ने बताया कि जिस रात दलेर मेहंदी के साथ यह सब हुआ था तो कपिल शर्मा काफी नाराज हो गए थे। उन्होंने उनको कॉल करके अपने भाई के लिए खड़ा होने की बात भी कही थी। मीडिया से मीका ने कहा कि – ‘दलेर जी बहुत खुश हैं। मुझे याद है कि उस रात सबसे पहले मुझे कपिल शर्मा का फोन आया था’। उन्होंने यह कहा था कि – ‘ये बहुत गलत हुआ है। मीका तुम चुप कैसे रह सकते हो मैंने उनसे कहा कि अगर तुझे इतना गुस्सा आ रहा है तो सोच मेरे ऊपर क्या बीत रही होगी’।
शांति से रखी अपनी बात
मीका ने आगे कहा कि – ‘मैं उसी रात गुस्सा में आकर अपनी बात कह सकता था परंतु ये सिर्फ एक भाई का मामला नहीं है। मैं हर उस इंसान के लिए आवाज उठाता हूं जो किसी भी इंडस्ट्री में परेशानी झेल रहे होते हैं। यदि किसी दूसरे सिगंर के साथ भी ऐसा होता है तो मैं उसके लिए भी खड़ा होता जब मेरे अपने भाई के साथ ऐसा हुआ तो मैंने उसी रात उन्हें फोन किया था। काफी रात हो चुकी थी इसलिए मैंने अगली सुबह एक वीडियो बनाया’।
‘उस समय मैंने अपने गुस्से पर कंट्रोल रखा और शांति से अपनी बात रखी। मैं और भी बहुत कुछ कह सकता था लेकिन मुझे लगा कि इस मामले को समझदारी और संयम के साथ संभालना जरुरी है। लोगों ने हमें बहुत सपोर्ट किया है और अब दलेर जी भी खुश हैं। मुझे उत्तराखंड के सीएम का भी फोन आया था। उन्होंने बहुत ही अच्छे से बात की और यह कहा कि उत्तराखंड के लोग पागल नहीं है। उन्होंने यह भरोसा भी दिलवाया है कि दलेर जी का उत्तराखंड में पूरे सम्मान और इज्जत के साथ स्वागत किया जाएगा। उन्होंने ये भी माना कि जो कुछ हुआ वो नहीं होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने उत्तराखंड और वहां के लोगों की ओर से माफी भी मांगी’।
मंत्री पर कसा तंज
इस दौरान मीका ने मंत्री सुबोध उनियाल पर तंज भी कसा। उनका यह कहना है कि उनका स्वभाव गुस्से वाला होगा। मीका ने कहा कि – ‘यदि वो मंत्री है तो सिर्फ उत्तराखंड के है लेकिन दलेर मेहंदी पूरे भारत के स्टार है’। उन्होंने ये भी कहा है कि इस विवाद के चलते अब लोग उनको जान गए हैं क्योंकि पहले उन्हें कोई नहीं जानता था। मीका के अनुसार, सुबोध उनियाल को इसके लिए उनका धन्यवाद करना चाहिए।