जालंधर, ENS: पंजाब में आज कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई। वहीं जालंधर में अचानक मौमस में आए बदलाव के बाद तेज हवाएं चलने लगी और कुछ ही देर बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से जहां तापमान में गिरावट देखने को मिली, वहीं लोगों ने बारिश का आनंद भी लिया। मौसम विभाग ने आज भी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार जारी किए गए। वहीं फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बता दें कि बीते दिन दीनानगर के पास मकौड़ा पत्तन रावी दरिया का जलस्तर बढ़ने से किश्ती भी बंद हो गई, जिससे 7 गांवों के लोगों का जिले से संपर्क टूट गया। कई प्रमुख मार्गों पर 2 से 4 फीट तक पानी जमा हो गया। मेन रोड से तख्त श्री केसगढ़ साहिब की ओर जाने वाली दोनों सड़कों पर सुबह भारी जलजमाव हो गया। जहां करीब 2 से 4 फीट तक पानी खड़ा रहा, जिससे सुबह 10 बजे तक श्रद्धालुओं को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से अपील कि नालों और नदियों से दूरी बनाए रखें और बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है। उधर, चंडीगढ़ स्थित सुखना लेक से पानी छोड़े जाने से पटियाला जिले में घग्गर एक बार फिर उफान पर है। गांव शम्सपुर के पास ओवरफ्लो होने के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पानी खेतों और सड़कों पर आ गया, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। स्थिति में सुधार न हुआ तो 200 एकड़ फसल पानी की चपेट में आ सकती है।

