जालंधर, ENS: फिल्लौर शहर में पुलिस स्टेशन के ठीक सामने स्थित बेसमेंट में दुकान में आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार शहर की पुरानी जूते की दुकान ‘राजा बूट हाउस’ (राजा शूज़) में यह आग लगी है। दुकान की बेसमेंट में आग लगने की सूचना लोगों द्वारा पुलिस और दमकल विभाग को दे दी गई। वहीं देखते ही देखते इमारत जहरीले धुएं से भर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस व प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंच गईं।
नगर कौंसिल फिल्लौर की फायर ब्रिगेड टीम सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि, बेसमेंट में लगी आग तक पहुंचना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। संकरी जगह और चारों तरफ फैले घने धुएं के कारण फायरफाइटर अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने की जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। दमकल कर्मियों के पास ऑक्सीजन मास्क और जरूरी उपकरणों की कमी होने के बावजूद वे बिना अपनी परवाह किए ड्यूटी पर डटे रहे। दुकान की पहली और दूसरी मंजिल से भी धुएं के गुबार बाहर निकलते देखे जा सकते हैं। आग लगने का असली कारण फिलहाल साफ नहीं हो पाया है।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार पानी की आपूर्ति कर बेसमेंट की तरफ पानी बौछार कर रही हैं ताकि आग को आसपास की अन्य दुकानों में फैलने से रोका जा सके। दमकल कर्मी सीढ़ियों और टॉर्च की मदद से बेसमेंट में प्रवेश करने और धुएं के बीच रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे हैं। फायर बिग्रेड की टीम द्वारा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बेसमेंट में आग लगने से फैले धुएं के कारण दमकल विभाग को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। दरअसल, बेसमेंट में चारों ओर धुआं ही धुआं फैला हुआ था। इस घटना में जानी नुकसान होने से बचाव रहा, लेकिन माली नुकसान काफी हुआ है। आग लगने का असल कारणों का पता नहीं चल पाया।
