जालंधर: भारत सरकार के नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष सुनील जीवराजजी सिंघी ने जालंधर में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान पंजाब की मौजूदा व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए हैं। लघु उद्योग भारती की नेत्री सीमा धूमल के निमंत्रण पर जालंधर पहुंचे सिंघी ने कहा कि वर्किंग डे होने के बावजूद कार्यक्रम में हॉल का खचाखच भरा होना यह साबित करता है कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं, ‘हर घर स्वदेशी’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की।
सुनील सिंघी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से वे पंजाब के अलग-अलग हिस्सों के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य से युवाओं का बड़े पैमाने पर पलायन हो रहा है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा, आज जो लोग पंजाब से बाहर जाकर एनआरआई बन चुके हैं, वे यहां डोनेशन देने को तो तैयार हैं, लेकिन इन्वेस्टमेंट करने से डरते हैं। पंजाब पर 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज का हवाला दिया।
महाराजा रणजीत सिंह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कभी व्यापार और समृद्धि के मामले में नंबर एक रहने वाला पंजाब आज 21वें नंबर पर पहुंच गया है। वहीं राजनीतिक हालातों पर बात करते हुए सिंघी ने पक्ष और विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय है। पिछले कुछ समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बार और गृह मंत्री अमित शाह तीन बार पंजाब आ चुके हैं।
अमित शाह द्वारा हाल ही में दिवंगत परविंदर सिंह के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा, यही तो अंतर है विपक्ष और बीजेपी में। जब पंजाब में संकट और संवेदनशीलता का माहौल है, तब विपक्ष के नेता राहुल गांधी विदेश घूमने गए हैं और गृह मंत्री अमित शाह पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल जानने आ रहे हैं।
परविंदर सिंह हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार और उनके पिता भीम सिंह की मांग है कि इस मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए। ऐसे में सीबीआई द्वारा केस दर्ज करके मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
वहीं पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए सुनील सिंघी ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में बहुत बड़ा राजनीतिक परिवर्तन होने जा रहा है। पिछले 10 दिनों के अपने प्रवास के दौरान व्यापारियों, परिवारों और बड़ी संख्या में महिलाओं से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि जनता ने अब एक ही स्वर में मान लिया है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और डबल इंजन सरकार के साथ जुड़ना चाहते हैं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सीमा धूमल और पूरी आयोजन टीम का धन्यवाद करते हुए पंजाब की जनता से राज्य में बदलाव लाने का आह्वान किया।
