चंडीगढ़: केंद्र सरकार द्वारा जारी नवीनतम आईजीओटी कर्मयोगी रैंकिंग में हरियाणा ने गुजरात, कर्नाटक और पंजाब जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। हरियाणा ने एक लाख से पांच लाख सरकारी कर्मचारियों वाले राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में यह स्थान हासिल किया है।
मुख्य सचिव अनुराग द्वारा जारी एक पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत कर्मयोगी भारत द्वारा जारी रैंकिंग के अनुसार, हरियाणा ने 60.03 का समग्र स्कोर प्राप्त किया है, जबकि गुजरात 60.02 अंकों के साथ दूसरे और कर्नाटक 60.01 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
सितंबर 2026 के दौरान राज्यों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई इस रैंकिंग में तीन प्रमुख मानकों को आधार बनाया गया है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमता निर्माण योजनाओं (सीबीपी) का निर्माण, प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में योगदान तथा पंजीकृत कर्मचारियों में से पिछले महीने के दौरान कम से कम एक घंटे का प्रशिक्षण पूरा करने वाले कर्मचारियों का अनुपात शामिल है।
