इंदौरः अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आतंकी संगठन के नाम से भेजे धमकी भरे ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान आईईडी से धमाके करने की चेतावनी दी गई है।
अभिनेता दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट से पहले सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। आतंकी संगठन के नाम से भेजे धमकी भरे ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान विस्फोटक उपकरण (IED) से धमाके करने की चेतावनी दी गई है। इस ई-मेल में केवल दिलजीत का कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कार्यालय और बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का मुंबई स्थित बंगला ‘जलसा’ भी निशाने पर होने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार धमकी भरा ई-मेल इंदौर महापौर कार्यालय सहित कई अन्य लोगों को भेजा गया है। यह मेल खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया है। इसमें भेजने वालों ने अपनी पहचान इंजीनियर गुरानाख सिंह, रुखन शाहवाला, डॉ. गुरनिरवेर सिंह और बब्बर खालसा (परमार-कनाडा) के प्रो. गुरकाल सिंह पीएचडी के रूप में बताई है। ई-मेल में अलग-अलग स्थानों पर धमाके करने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इन नामों और संगठन के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में एक और चिंताजनक जानकारी सामने आई है। इंदौर के तीन स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिले हैं। इनमें अभिभावकों को चेतावनी दी गई है कि वे 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में अपने बच्चों को न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाके किए जाएंगे। ये ई-मेल सोमवार सुबह प्राप्त हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि तीन स्कूलों को धमकी भरे मेल मिले हैं। एहतियात के तौर पर फिलहाल स्कूलों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
धमकियों के पीछे की वजह को लेकर सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम भी सामने आया है। बताया गया है कि उसने ऑस्ट्रेलिया सहित अन्य कार्यक्रमों के दौरान दिलजीत को धमकी दी थी। संगठन का आरोप है कि दिलजीत ने बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के पैर छूकर उनका सम्मान किया था। इससे 1984 के सिख दंगों के पीड़ितों की भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि, मौजूदा ई-मेल और इस विवाद के बीच सीधा संबंध जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
