चंडीगढ़: हरियाणा में सड़क, परिवहन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी (HPPC) और हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में कुल नौ प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इन निर्णयों से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, शहरी क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा और स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा। बोलीदाताओं के साथ विस्तृत बातचीत के बाद सरकार ने लगभग 11.96 करोड़ रुपये की बचत भी की।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा रोडवेज के लिए 500 पूर्ण निर्मित डीजल इंजन वाली नॉन-एसी बसों की खरीद को मंजूरी प्रदान की है। ये बसें नवीनतम BS-VI उत्सर्जन मानकों के अनुरूप होंगी। इसके अतिरिक्त 24 पूर्ण निर्मित डीजल इंजन वाले ट्रकों की खरीद और रोडवेज के डिपो एवं सब-डिपो के लिए आगामी एक वर्ष की आवश्यकता के अनुसार डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (DEF) की खरीद को भी स्वीकृति दी गई। इन 500 नई बसों के शामिल होने से हरियाणा रोडवेज की परिवहन क्षमता बढ़ेगी, यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और विभिन्न रूटों पर बस सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और इन्हें तेजी से पूरा कर जनता को इनका लाभ पहुंचाया जाए।
