गुनाः मध्य प्रदेश के गुना में एक वकील की कार्डियक अटैक से मौत हो गई। महज दो सेकेंड के अंदर एक चलते फिरते इंसान की जिंदगी खत्म हो गई। जानकारी के मुताबिक शहर के प्रतिष्ठित एडवोकेट लोकेंद्र श्रीमाल की अचानक कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) पड़ने से दर्दनाक मौत हो गई। दोपहर 12 बजे वह अपने घर के बाहर स्कूटी खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वह गश खा कर गिर पड़े।
इसके बाद एक व्यक्ति भागकर आता है और उन्हें उठाने की कोशिश करता है। हृदय विदारक घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एडवोकेट लोकेंद्र श्रीमाल अपनी स्कूटर को घर से बाहर निकलकर खड़ी कर ही रहे थे कि उसी क्षण अचानक आए साइलेंट कार्डियक अरेस्ट ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। गाड़ी खड़ी करते ही वे बेसुध होकर नीचे गिर गए। देखते ही देखते दो सेकंड में उनकी सांसें थम गईं।
जब तक आसपास के लोग और परिजन मदद के लिए दौड़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वरिष्ठ अधिवक्ता के इस तरह अचानक निधन से जिला न्यायालय परिसर, वकील बिरादरी और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। इस वज्रपात और गहरे दुख के बीच भी श्रीमाल परिवार ने अनुकरणीय मिसाल पेश की है। लोकेंद्र श्रीमाल ने अपने जीवनकाल में नेत्रदान का संकल्प लिया था। परिजनों ने इस विकट समय में भी धैर्य दिखाते हुए उनके नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे दो दृष्टिहीनों के जीवन में उजाला हो सकेगा। परिजन शव को राघौगढ़ ले गए हैं, वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।
