गाजियाबादः थाना मोदी नगर के सिकरी गांव में निर्माणाधीन मकान का लेंटर गिर गया। मिली जानकारी के अनुसार गांव में मकान की डाली जा रही छत का लेंटर गिर गया। इस हादसे में 5 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। वहीं हादसे में एक शख्स की मौत की जानकारी सामने आई है। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। दरअसल, गाजियाबाद के थाना मोदी नगर के सिकरी गांव में एक निर्माण स्थल पर लिंटेल (छत का ढांचा) डालते समय हादसा हो गया।
हादसे के बाद 5 मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से एक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और NDRF की टीम पहुंची और मलबे में दबे हुए लोगों को बाहर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। बताया गया कि पहले से बने मकान में भुस आदि रखने के लिए एक दूसरे के कमरे का निर्माण किया जा रहा था। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। लेंटर गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मोदी नगर हादसे पर विधायक मंजू शिवाच ने कहा, “एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है – कंक्रीट का एक स्लैब (लिंटर) गिर गया। स्लैब डालने का काम चल रहा था। शटरिंग खिसक गई या कोई और कारण था, यह जांच का विषय है। दुख की बात है कि दिवाली के दिन भी मजदूर अपनी दिहाड़ी कमाने की उम्मीद में काम कर रहे थे, तभी स्लैब गिर गया। वहां 6-7 मजदूर मौजूद थे; दुर्भाग्य से, मलबे में दबने के कारण उनमें से एक की मौत हो गई।”
गाजियाबाद के मोदी नगर में हुए हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त ही। सीएम योगी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना सीएम योगी ने की है।
