जालंधर, ENS: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी राजबीर घुम्मन से जुड़े मामले में अब जालंधर प्रवर्तन निदेशालय ईडी की एंट्री हो गई है। इस मामले को लेकर ईडी ने केस दर्ज कर लिया है। केंद्रीय जांच एजेंसी जालंधर ईडी अब इस पूरे मामले में वित्तीय अनियमितताओं, मनी लॉन्ड्रिंग और पैसों के लेन-देन की कड़ियों को खंगालने की तैयारी में है।
यह घटनाक्रम इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने राजबीर घुम्मन को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी और किसी भी तरह की सख्त दंडात्मक कार्रवाई पर interim स्टे लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट की राहत के ठीक बाद ईडी की इस कार्रवाई से पंजाब के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल, इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करते हुए घुम्मन की याचिका पर नोटिस जारी किया था और अगली सुनवाई तक किसी भी प्रकार की कठोर कार्रवाई या गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। अदालत से मिली इस फौरी राहत से राहत की सांस ले रहे प्रशासनिक व राजनीतिक हलकों के लिए ईडी का यह नया कदम पूरी तरह से अप्रत्याशित और चौंकाने वाला माना जा रहा है।
