अमृतसरः देहात पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल और हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है। इस नेटवर्क के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने की बात सामने आई है। डीजीपी गौरव यादव ने मंगलवार को एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के विदेशी तस्करों और ISI से जुड़े लोगों के साथ कथित संबंध सामने आए हैं। पुलिस अब नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मई 2026 में खासा स्थित आर्मी कैंटोनमेंट के पास हुए IED धमाके के मामले को भी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी धमाके में शामिल थे। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि अमृतसर के घरिंडा थाने में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, खासा आर्मी कैंटोनमेंट के पास हुए आईईडी धमाके के मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम यानी यूएपीए की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि हथियार और विस्फोटक कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पंजाब पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियारों की तस्करी, आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क और संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त निगरानी रखी जा रही है।
