लुधियानाः कंगनवाल-जुगियाना में दिनदहाड़े एक मजदूर से लूट की वारदात सामने आई है। साहनेवाल स्थित टेक्सला प्लास्टिक एंड मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी के बाहर काले रंग की i20 कार में आए दो बदमाशों ने पैदल जा रहे एक मजदूर को रोककर वारदात को अंजाम दिया। ये पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका 43 सेकेंड का फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज 16 तारीख दोपहर 1:58 बजे की है। जिसमें साफ दिख रहा है कि एक मजदूर फैक्टरी के बाहर सड़क से बिल्कुल आराम से पैदल गुजर रहा था। मजदूर के पीछे से काले रंग की एक कार आकर फैक्टरी के बाहर अचानक रुकती है। कार रुकते ही कंडक्टर साइड से एक बदमाश नीचे उतरता है, जबकि ड्राइवर भी अपना गेट खोल लेता है।
दोनों बदमाशों ने पहले मजदूर को आवाज देकर पास बुलाया और उसे बातों में उलझाने की कोशिश की। इसी दौरान कंडक्टर साइड से उतरे बदमाश ने मजदूर को पकड़ लिया। बदमाशों ने मजदूर के साथ जोर-जबरदस्ती करते सामान और नकदी लूटने के बाद आरोपी उसे जमीन पर धक्का देकर कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
वारदात के तुरंत बाद मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
