लुधियानाः थाना डिवीजन नंबर-2 के अंतर्गत किदवई नगर स्थित शहीदी पार्क के बाहर वाहन चोरी का मामला सामने आया है। जहां पार्क के बाहर खड़ा वाहन लेकर 5 चोर 3 सैकेंड में फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की जानकारी देते हुए जनकपुरी निवासी हर्षप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी सप्लेंडर बाइक पार्क के बाहर से चोरी हो गई। हर्षप्रीत सिंह ने बताया कि वह महिंद्रा कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है।
वह शहीदी पार्क में खाना खाने के लिए रुका था। उसने पार्क में बैठकर टिफिन खोला और खाना खाया। कुछ देर बाद जब वह बाहर आया तो उसकी बाइक वहां से गायब थी। इसके बाद उसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। हर्षप्रीत के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध पार्क के अंदर से निकलते दिखाई दिए। आरोप है कि उन्होंने बाइक का लॉक आसानी से खोला और वाहन लेकर फरार हो गए।
पीड़ित का दावा है कि चोरों ने महज 3 से 5 सेकेंड में वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों के लिए पार्क के बाहर वाहन खड़ा करना चिंता का विषय बनता जा रहा है। पीड़ित ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही पार्क के बाहर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि सैर करने और कुछ समय बिताने के लिए आने वाले लोगों के वाहन सुरक्षित रह सकें।
