फगवाड़ाः त्यौहारी सीजन शुरु होते ही शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम की तहबाजारी टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान बंगा रोड पर दुकानों के बाहर सड़क पर रखा सामान जब्त किया। कई दुकानों के बोर्ड भी उतार दिए गए। तहबाजारी टीम ने रेहड़ी-फड़ी संचालकों को भी अपना सामान पीछे करने के निर्देश दिए। वहीं कुछ दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
तहबाजारी टीम के इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि बंगा रोड पर यातायात की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों का कहना है कि सिनेमा रोड, गौशाला बाजार, सराय रोड और झटकैया वाला चौक से छत्ती खुई की ओर जाने वाली सड़कों पर लगी रेहड़ियों और दुकानों के बाहर रखे सामान के कारण यातायात बाधित होता है।
शहरवासियों की मांग है कि नगर निगम किसी एक सड़क तक सीमित रहने के बजाय पूरे शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ निष्पक्ष और निरंतर कार्रवाई करे ताकि लोगों को यातायात जाम की समस्या से राहत मिल सके और सड़कों पर आवागमन सुचारू बना रहे। अधिकारी ने कहाकि व्यस्त बाजारों में अवैध कब्जों के कारण सड़क हादसे की घटनाएं सामने आती है। इसलिए ही यह कार्रवाई की जा रही है।
