चण्डीगढ: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन, हरियाणा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। पानीपत में आयोजित बैठक शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया और सभी 17 मांगों पर सहमति बन गई जिसमें से 12 मांगो आवश्यक पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। मांगों के समाधान से प्रदेशभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और उनकी जायज मांगों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ ग्रामीण वातावरण तैयार करने में भी अहम योगदान है। सरकार उनके परिश्रम और सेवाओं का सम्मान करती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए सहमति के अनुसार आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जारी आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करें, ताकि कर्मचारियों को इनका लाभ समय पर मिल सके।
