शिमला: प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी मौजूदा एवं भविष्य के जल संसाधनों और जल परियोजनाओं तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से उपलब्ध (सरप्लस रॉ-वाटर) के मूल्यांकन, दरों के निर्धारण तथा समय-समय पर उनमें संशोधन के लिए एक समान राज्य नीति को स्वीकृति प्रदान की है। इस नीति का उद्देश्य राज्य के जल संसाधनों का पारदर्शी एवं आर्थिक रूप से तर्कसंगत मूल्यांकन सुनिश्चित करने के साथ-साथ राज्य के वित्तीय हितों की रक्षा करना है।
किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। इस परियोजना के तहत हिमाचल को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर के बराबर है। इसके अतिरिक्त, ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के जल में हिस्सा आवंटित है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके समुचित आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है और अन्य राज्यों अथवा एजेंसियों को अधिशेष जल की आपूर्ति के लिए कोई भी व्यवस्था करते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को उचित महत्व दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस नीति से जल की दरों के निर्धारण और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए एक पारदर्शी एवं एक समान व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक वित्तीय हित सुरक्षित रहेंगे।

