चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना ‘हम भारत के लोग’ में निहित है और लोकतंत्र में सर्वोच्चशक्ति जनता के हाथों में है। उन्होंने संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन हमें संविधान में निहित मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है।
विज ने कहा कि अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं और संस्कृतियों वाला भारत अपनी विविधताओं के बावजूद एकजुट है और ‘अनेकता में एकता’ ही हमारी सबसे बड़ी विशेषता है। संविधान ने देश की एकता, अखंडता और समानता को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा भी प्रदेश के मेहनतकश किसानों, प्रतिभाशाली युवाओं, शिक्षकों और प्रभावी शासन व्यवस्था के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
विज आज चण्डीगढ में हरियाणा विधानसभा में संविधान समर्पित विशेष सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को देश ने संविधान अंगीकार किया था। उन्होंने संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिन का उद्देश्य संविधान के प्रति हमारी भावनाओं, उसमें निहित मूल्यों तथा नागरिकों को मिले अधिकारों और कर्तव्यों पर विचार करना है।
उन्होंने संविधान के 42वें संशोधन की बात करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने विशेष सत्र बुलाकर इसी संशोधन के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवाद’ और ‘धर्मनिरपेक्ष’ शब्द जोड़े गए, जोकि ओरिजनली नहीं थे, जबकि ऐसे समय में यह विशेष सत्र बुलाया गया जब लोग स्वतंत्र रूप से सांस भी नहीं ले सकते थे। उन्होंने कहा कि हमने वह समय देखा है इसलिए दुख होता है और आंसु आते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में समानता और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े अधिकार पहले से ही अनुच्छेद 14, 15, व 24, 25 और अन्य प्रावधानों के माध्यम से सुनिश्चित किए गए थे।

