शिमला: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज यहां ‘ड्रग डिमांड रिडक्शन, प्रिवेंशन एंड कम्युनिटी एक्शन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में प्रदेश में नशीले पदार्थों के सेवन की स्थिति, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों तथा नशे पर नियंत्रण के लिए प्रभावी उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न तकनीकी सत्रों में नशे की शुरुआत के कारणों, जोखिमों की समय रहते पहचान, उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा नशा निवारण में परिवार, शिक्षण संस्थानों और समुदाय की भूमिका पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
कार्यशाला का शुभारम्भ निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुमित खिमटा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के प्रयास केवल जागरूकता अभियानों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इसके लिए बच्चों और युवाओं में जीवन कौशल विकसित करने, परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में प्रभावी निवारक गतिविधियां संचालित करने की आवश्यकता है। उन्होंने समुदाय आधारित सहयोग तंत्र को मजबूत बनाने पर भी बल दिया।
दूसरे सत्र में सहायक प्रोफेसर, मनोचिकित्सा विभाग आईजीएमसी शिमला डॉ. रवि शर्मा ने नशीले पदार्थों के सेवन से उत्पन्न होने वाली निर्भरता, इसके शुरुआती लक्षणों की पहचान तथा समय पर उपचार और उचित चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच के महत्व की जानकारी दी।
कार्यशाला के समापन सत्र में संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुरेश शर्मा ने विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं के प्रमुख निष्कर्षों और आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे पर नियंत्रण के प्रयासों को प्रभावी बनाने के लिए सरकारी विभागों, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों, सामाजिक संगठनों और समुदायों के बीच निरंतर समन्वय एवं सामूहिक जिम्मेदारी आवश्यक है।

