शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बुधवार को जिला सिरमौर में रेणुका बांध परियोजना स्थल का दौरा किया तथा परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन तीन डायवर्जन टनलों के कार्य की प्रगति का जायजा लिया। राज्यपाल ने परियोजना अधिकारियों के साथ संवाद किया तथा निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महत्व की ऐसी आधारभूत संरचना परियोजनाएं क्षेत्र के विकास और जनकल्याण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान रेणुका बांध परियोजना के महाप्रबंधक इंजीनियर अनूप शर्मा ने राज्यपाल को परियोजना की वर्तमान स्थिति, जारी निर्माण कार्यों, अब तक अर्जित उपलब्धियों तथा भविष्य की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य की प्रगति और निर्माण के विभिन्न चरणों से भी उन्हें अवगत करवाया।
रेणुका बांध परियोजना हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में गिरि नदी पर निर्मित की जा रही 40 मेगावाट क्षमता की बहुउद्देशीय राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), दिल्ली को 23 क्यूसेक पेयजल उपलब्ध करवाना है। परियोजना के तहत 148 मीटर ऊंचे रॉक-फिल बांध तथा 40 मेगावाट क्षमता के विद्युत गृह का निर्माण प्रस्तावित है।

