अमृतसरः पंजाब के खडूर साहिब से लोकसभा सांसद अमृतपाल सिंह अमृतसर में दादी चरण कौर की अंतिम यात्रा में शामिल हो गए हैं। वह दादी की पार्थिव देह वाली ट्रॉली पर सवार हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस ने ह्यूमन चेन बनाई है।
आपको बता दें अमृतपाल सिंह पुलिस सुरक्षा में अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में घर पहुंचें। इस दौरान पुलिस बुलेटप्रूफ गाड़ी में उन्हें अमृतसर एयरपोर्ट से लाई। एयरपोर्ट से उन्हें पिछले रास्ते से निकाला गया। हालांकि उन्हें हथकड़ी नहीं लगाई गई। इस दौरान अमृतपाल सिंह ने गांव वासियों से हाथ जोड़कर मुलाकात की।
सांसद अमृतपाल सिंह के भतीजे सुखमन जीत सिंह को पुलिस फोर्स गांव जल्लूपुर खेड़ा लेकर पहुंची। अमृतपाल को पंजाब पुलिस शनिवार (21 नवंबर) सुबह ही दिल्ली से अमृतसर लाई थी, जिसके बाद उन्हें साढ़े 8 बजे से करीब 10 बजे तक एयरपोर्ट के भीतर ही रखा हुआ था। सांसद अमृतपाल को दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर कोर्ट से आज दोपहर 12 से 3 बजे तक 3 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है। उनकी दादी का 8 नवंबर को निधन हुआ था लेकिन परिवार ने अमृतपाल के न आने पर संस्कार रोक दिया था। सांसद को लाने-ले जाने पर करीब 10 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। कोर्ट के आदेश के मुताबिक इसकी अदायगी उनके परिवार ने ही की है।
अमृतपाल को कल (शुक्रवार) दोपहर को असम जेल से दिल्ली लाया गया था। जहां उन्हें रात में सेफ हाउस में रखा गया। सुबह रेगुलर फ्लाइट से उन्हें अमृतसर लाया गया। अमृतपाल करीब पिछले 3 साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अमृतसर के अजनाला थाने पर हमले के आरोप में गिरफ्तारी के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा एक्ट (NSA) के तहत उन्हें सीधे असम ले जाया गया था।


