शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज कहा कि संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने तथा लोकतंत्र, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का अवसर प्रदान करता है।
राज्यपाल लोक भवन में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. अंबेडकर, संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सभी महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने अधिकारों और कर्तव्यों के परस्पर संबंध पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध होना चाहिए। राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किए जाने तथा राजभवन से लोक भवन की ओर हुए परिवर्तन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये बदलाव कर्तव्यनिष्ठा, जनसेवा और जनहित के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रमुखता प्रदान करते हैं।

