कालसीः देहरादून के कालसी में बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। दरअसल, हिमाचल प्रदेश से देहरादून की ओर आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 2 साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2) पुत्री डमर और नरबहादुर (56) पुत्र गंगा बहादुर के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के अछाम कटारी के रहने वाले थे। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
इनमें बोलेरो चालक चमन लाल (45) निवासी चडगांव, शिमला, डमर (32), निशा (14), उर्मिला (30) और प्रदीप (5) निवासी नेपाल शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गईं। बोलेरो गहरी खाई में गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
टीमों ने रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे। वे हिमाचल प्रदेश में मजदूरी का काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले बोलेरो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। एसएसआई नीरज कठैत ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

