पंचकूलाः पंचकूला के एक स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर हाथ-पैर और ईंटों से हमला करने के आरोपी आठ वर्षीय बच्चे में कंडक्ट डिसऑर्डर (आचरण संबंधी विकार) और अटेंशन डेफिसिट हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (ADHD) के संकेत मिले हैं। चंडीगढ़ के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), सेक्टर-32 के मेडिकल बोर्ड ने अपने आकलन में बच्चे को निगरानी में रखकर लगातार उपचार देने की जरूरत बताई है।
मेडिकल बोर्ड ने ये रिपोर्ट 2 नवंबर को तैयार की थी। पंचकूला के सेक्टर-20 पुलिस थाने ने 30 अक्टूबर को पत्र लिखकर बच्चे की चिकित्सकीय जांच कराने का अनुरोध किया था। जिसके बाद मनोचिकित्सा विभाग में मेडिकल बोर्ड गठित किया गया। बोर्ड ने 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को बच्चे की बाह्य रोगी के रूप में जांच की। इस दौरान माता-पिता से विस्तृत जानकारी ली और क्लीनिकल इंटरव्यू के साथ दो मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी किए गए।
रिपोर्ट के अनुसार बच्चे में कंडक्ट डिसऑर्डर के साथ ADHD के संकेत मिले हैं। बुद्धिमत्ता परीक्षण में उसका स्तर औसत पाया गया। MISIC परीक्षण में उसका फुल स्केल IQ 102 दर्ज किया गया।
जांच के दौरान बच्चा अतिसक्रिय दिखाई दिया, लेकिन माता-पिता से अलग रहने पर सहज था। कथित घटना के बारे में पूछे जाने पर उसने ज्यादा जानकारी नहीं दी और इस बारे में विस्तार से बात करने से परहेज किया।
मनोवैज्ञानिक परीक्षण में बच्चे की प्रतिक्रियाओं से कुछ व्यवहार संबंधी पहलू सामने आए। रिपोर्ट के अनुसार इनमें भावनात्मक सहयोग की कमी महसूस करना, अधिकार रखने वाले लोगों को दंड देने वाले रूप में देखना, बाहरी निर्देशों का विरोध करना और अपने व्यवहार पर विचार करने तथा उसे नियंत्रित करने की सीमित क्षमता जैसे पहलू शामिल हैं।
मेडिकल बोर्ड ने अपनी समग्र राय में कहा है कि बच्चे को उचित और लगातार उपचार की जरूरत है। यह उपचार निगरानी में किया जाना चाहिए। रिपोर्ट पर जीएमसीएच-32 के मनोचिकित्सा विभाग के तीन विशेषज्ञों के हस्ताक्षर हैं।
गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को पंचकूला के एक स्कूल में छह वर्षीय बच्ची पर हमले की घटना हुई थी। आरोप है कि बच्चे ने बच्ची को हाथ-पैर से पीटने के अलावा उसके सिर पर कई बार ईंट से वार किया था। घायल बच्ची की हालत अब खतरे से बाहर है।
