पंचकूलाः घग्गर घाट के नजदीक सड़क किनारे खुलेआम छलक जाम रहे थे। दरअसल, सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा के बाद रविवार रात जब पुलिसकर्मी सड़कों पर लगे भारी ट्रैफिक जाम को खुलवाने के लिए जूझ रहे थे, ठीक उसी समय ठेके के सामने सड़क किनारे प्रवासी लोग कतार में बैठकर हाथों में शराब की बोतलें लिए जाम छलकाते दिखे। छठी मैया की पूजा-अर्चना और अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य देने के लिए पंचकूला ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़, जीरकपुर, डेराबस्सी और बद्दी-परवाणू सहित आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, पूरे पंचकूला में 600 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। डीसीपी अमरिंदर सिंह ने खुद सेक्टर-21 स्थित छठ पूजा घाट पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। घाटों और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ERV, PCR और पुलिस राइडर की लगातार गश्त सुनिश्चित करने की बात कही गई थी।
वहीं, छठ पूजा समिति पंचकूला की ओर से आयोजित छठ महोत्सव में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। लेकिन इस पूरे आयोजन के बीच एक सवाल भी खड़ा हो गया। भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच घाट के नजदीक सड़क पर खुलेआम शराबखोरी होने की बात सामने आई। ऐसे में पुलिस की सुरक्षा और गश्त के दावों पर सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि जब छठ महापर्व जैसे बड़े आयोजन के लिए 600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, तो घाट के आसपास ऐसी गतिविधियों पर कितनी प्रभावी निगरानी रखी गई? हैरानी की बात यह रही कि न तो वहां कोई पुलिसकर्मी रोकने-टोकने पहुंचा और न ही इन लोगों में खाकी का कोई खौफ नजर आया। देर रात तक अलग-अलग ग्रुप में लोग यहां आते रहे, सड़क किनारे बैठकर शराब पी और अपनी मर्जी से वहां से उठकर चले गए। पुलिस की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिये है।तस्वीर में साफ दिख रहा है कि घग्गर घाट के नजदीक सड़क किनारे प्रवासी मजदूर शराब पी रहे है। सवाल यही है कि जब पुलिस मौके पर मौजूद थी, तो खुलेआम सड़क किनारे शराब पीने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
