जालंधर, ENS: पंजाब रोडवेज डिपो एक में देर रात स्क्रैप के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में आग पर काबू पाने के लिए फायर बिग्रेड की 40 गाड़ियां लग गई। वहीं आग की घटना को लीड कर रहे फायर ब्रिगेड के सीनियर अधिकारी एसएफओ मनिंदर कुमार जस्सी के दोनों हाथ घटना में झुलस गए। जिसके बाद उन्हें देर रात अस्पताल ले जाकर उपचार करवाया गया। आग बुझाने में जस्सी के अलावा एसएफओ अविनाश सोंधी, एलएफएम गौरव भारद्वाज, फायरमैन सक्षम मेहरा, रणदीप, अभि गिल और जय चंद ने भूमिका निभाई।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एसएफओ की दोनों बाजुएं झुलस गई। इस घटना ने रोडवेज वर्कशॉप में लंबे समय से जमा पुराने टायरों और स्क्रैप के निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात है कि पुराने टायरों की समय पर नीलामी नहीं हो रही। वहीं, टायर प्लांट बंद होने के कारण इन टायरों का निस्तारण भी नहीं हो पा रहा। इसके चलते वर्कशॉप परिसर में पुराने टायरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
पंजाब रोडवेज के डिपो में सुबह बस स्टैंड से जाने वाली अलग-अलग रूट की बसों सहित नई और पुरानी वोल्वो भी खड़ी होती है, गनीमत रही कि इस आग की चपेट में कोई भी बस नहीं आई। मौके पर मौजूद मुलाजिमों ने बताया कि जैसे ही आग लगी तो सभी मुलाजिम हरकत में आए और उन्होंने बसों को साइड पर किया जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। डिपो के जीएम राजपाल सिंह का कहना है कि आग लगने का मुख्य कारण अभी सामने नहीं आया है। इसकी जांच करवाएंगे। मुलाजिमों ने खुद ही आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
