Donald Trump ने देश के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया
वाशिंगटन। अमेरिका में हवाई यात्रा का संकट तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी आने के बाद रविवार को भी हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विमानन डेटा ट्रैकर फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, रविवार को अमेरिका में 10 हजार से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। इनमें 2,300 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं, जबकि करीब 7,700 उड़ानों में देरी हुई।
अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने उम्मीद जताई है कि सोमवार तक हवाई सेवाएं सामान्य हो सकती हैं। उन्होंने साइबर हमले की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एफएए की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एयरलाइंस अपने उड़ान कार्यक्रम को पटरी पर लाने की कोशिश कर रही हैं। शनिवार को भी हजारों उड़ानें रद्द और विलंबित इस तकनीकी संकट का असर शनिवार को भी दिखाई दिया था। उस दिन 6,400 से अधिक उड़ानें रद्द हुई थीं, जबकि 8 हजार से ज्यादा उड़ानों में देरी हुई थी। रविवार को भी स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। रविवार को जेटब्लू सबसे ज्यादा प्रभावित एयरलाइंस में शामिल रही। कंपनी की करीब 28 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अमेरिकन एयरलाइंस की 17 प्रतिशत उड़ानें रद्द हुईं, जबकि यूनाइटेड एयरलाइंस, साउथवेस्ट और डेल्टा की 3 से 5 प्रतिशत उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस संकट के लिए देश के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया है।
उनका कहना है कि अमेरिका का मौजूदा सिस्टम करीब 50 साल पुराना है और इसे जल्द से जल्द आधुनिक तकनीक से बदलने की जरूरत है। ट्रंप ने कहा कि यदि कांग्रेस हवाई यातायात नियंत्रण व्यवस्था के लिए जरूरी धनराशि मंजूर कर देती है तो नया सिस्टम तेजी और कुशलता से तैयार किया जा सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका को दुनिया की सबसे बेहतरीन हवाई यातायात नियंत्रण व्यवस्था विकसित करनी चाहिए। मौजूदा सिस्टम का लगभग 50 साल पुराना होना हास्यास्पद है।
