तेहरानः होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकर पर हमले का मामला सामने आया है। हमले के बाद टैंकर नौसैनिक खदान (नेवल माइन) से टकरा गया, जिससे उसके इंजन रूम में आग लग गई। ब्रिटेन के समुद्री व्यापार संचालन संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटों के भीतर इस समुद्री क्षेत्र में हमले की यह चौथी घटना है।
UKMTO के मुताबिक ओमान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमले की सूचना मिली थी। घटना के बाद जहाज को काफी नुकसान पहुंचा और उसका इंजन रूम आग की चपेट में आ गया। राहत की बात यह है कि टैंकर में सवार चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। हालांकि, जहाज को नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है।
वहीं ईरानी नौसेना ने भी घटना की पुष्टि की है। उसका दावा है कि टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपना नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखा था। ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) की ओर से जारी बयान में नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि टैंकर ने निर्धारित समुद्री नियमों का उल्लंघन किया था।
ईरान ने पहले भी कई बार समुद्री जहाजों के संचालकों को प्रतिबंधित जलक्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी है। इस साल फरवरी में ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव लगातार बना हुआ है। क्षेत्र में समुद्री आवाजाही पर पाबंदियां लगाई गई हैं और कई बार जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं।
