लुधियानाः शिमलापुरी थाना क्षेत्र के तहत आते वाहगुरु रोड (दुर्गा नगर) इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व पार्षद अमरीक सिंह बिट्टा के घर के बाहर खड़ी क्रेटा कार की छत में एक संदिग्ध सुराख मिला। पीड़ित परिवार ने पुरानी रंजिश और पहले मिली धमकियों का हवाला देते हुए पुलिस को शिकायत दी है जिसके बाद पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। घटना का पता तब चला जब सुबह पूर्व पार्षद के भाई ने घर के बाहर खड़ी अपनी क्रेटा कार को देखा। गाड़ी की छत के ऊपरी हिस्से में एक संदिग्ध सुराख हो रखा था।
जांच करने पर कार की छत और वाइपर के पास से एक गोली का खोल (शेल) भी बरामद हुआ, जिससे यह साफ हो गया कि वहां फायरिंग हुई है। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश का शक जताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष (पूर्व पार्षद अमरीक सिंह बिट्टा के परिवार) का कहना है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। इसी आधार पर परिवार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर फायरिंग करने की आशंका जताते हुए शिमलापुरी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। कार में सुराख और खोल मिलने की सूचना पर शिमलापुरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार द्वारा बताए गए पुरानी रंजिश और धमकियों वाले एंगल से मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस इस हवाई फायर वाले एंगल पर भी काम कर रही है कि कहीं रात के समय किसी ने हवाई फायरिंग तो नहीं की जिसकी गोली गलती से आकर कार की छत पर लग गई हो। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और बैलिस्टिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी कि यह कोई सोची-समझी साजिश थी या महज एक हादसा।
