लुधियानाः भगवान विश्वकर्मा दिवस पर विश्वकर्मा चौक में 74वां उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंदिर में पहुंच कर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया और लोगों को विश्वकर्मा-डे की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह पर्व देश के समस्त कारीगरों, शिल्पकारों, मजदूरों, मूर्तिकारों और इंजीनियरों के श्रम और हुनर के सम्मान का प्रतीक है। इस दिन फैक्ट्रियों, कार्यखानों और उपकरणों की विशेष पूजा की जाती है। कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना भी शुरू की गई थी, जिसका लोगों ने लाभ लिया है।
आदि काल से ही विश्वकर्मा अपने विशिष्ट ज्ञान एवं विज्ञान के कारण ही न देवल मानवों अपितु देवगणों द्वारा भी पूजित और वंदनीय हैं। भगवान विश्वकर्मा के आविष्कार एवं निर्माण कार्यों के सन्दर्भ में इन्द्रपुरी, यमपुरी, वरुणपुरी, कुबेरपुरी, पाण्डवपुरी, सुदामापुरी और शिवमण्डलपुरी का उल्लेख है। पुष्पक विमान का निर्माण तथा सभी देवों के भवन और उनके दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुएं भी इनके द्वारा ही निर्मित हैं। कर्ण का ‘कुण्डल’, विष्णु भगवान का सुदर्शन चक्र, शंकर भगवान का त्रिशूल और यमराज का कालदण्ड इत्यादि वस्तुओं का निर्माण भी भगवान विश्वकर्मा ने ही किया है।
