गोरखपुरः फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 20 साल की युवती की डेडबॉडी ऑफिस में फंदे से लटकती मिली है। बेटी के घर न पहुंचने पर मां और बहनों ने तलाश शुरू की। फाइनेंस कंपनी में पहुंची तो बेटी का शव देखकर चीख पड़ीं। मां ने रोते कहा- मेरी बेटी की हत्या के बाद शव लटकाया है।
परिजनों ने युवती की हत्या कर शव फंदे से लटकाए जाने का आरोप लगाते हंगामा किया। पूरा मामला शनिवार देर रात शाहपुर इलाके की है। रविवार देर शाम पुलिस फाइनेंस कंपनी के संचालक सूरज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद पादरी बाजार-पिपराइच मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार के लोगों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मौके पर 4 थानों की पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर शांत करवाया।
शाहपुर के तिनकोनिया नंबर एक के भटोलिया निवासी निंकी राजभर (20) चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके पिता राजमन राजभर इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करते हैं। 2 साल से निंकी घर से करीब 500 मीटर दूर सम्यति उत्कृष्टम फाइनेंस कंपनी में काम कर रही थी। वह लोगों को लोन दिलाने और उपए जमा कराने का काम करती थी।
मां विमला देवी ने बताया कि रोज शाम के 7 बजे निंकी घर आ जाती थी। शनिवार को बेटी घर नहीं पहुंची तो हम लोग परेशान हो गए। उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस दौरान वह ऑफिस में पहुंच गई, जहां शटर आधा गिरा हुआ था। बाहर बेटी की चप्पल और स्कूटी खड़ी थी। अंदर जाकर देखा तो निक्की का शव फंदे से लटक रहा था।
चौरा क्षेत्र के रहने वाले सूरज यादव फाइनेंस कंपनी चलाते हैं। वह सूरजकुंड के पास किराये के कमरे में रहते हैं। पुलिस ने संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस की जांच में कार्यालय का सीसीटीवी कैमरा बंद मिला है।
