कोलकाताः पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की भतीजी से रेप और हत्या के आरोपी दिलीप रॉय की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए पिछले चार दिनों से तलाश और छापेमारी की जा रही थी। सोमवार की सुबह रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में पुलिस टीम ने उसे घेर लिया।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दिलीप रॉय घायल हो गया। उसे रायगंज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक 12 साल की बच्ची 3 नवंबर की दोपहर अपनी साइकिल से घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने काफी तलाश करने के बाद पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद रायगंज के अब्दुलघाटा स्थित कुलिक जंगल में बच्ची का शव मिला। पुलिस को उसका शव खराब हालत में और बिना कपड़ों के मिला था। परिवार ने आरोप लगाया था कि बच्ची के साथ रेप के बाद उसकी हत्या की गई है।
इस मामले में 4 नवंबर को रायगंज पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था, जिमें भारतीय न्याय संहिता यानी BNS और POCSO एक्ट की धाराएं लगाई गई थी। जांच के दौरान दिलीप रॉय मुख्य संदिग्ध के तौर पर सामने आया। पुलिस उसकी तलाश में पिछले चार दिनों से लगातार छापेमारी कर रही थी।
सोमवार की सुबह सूचना मिली कि दिलीप रॉय गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां ऑपरेशन चलाया. पुलिस का दावा है कि पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसकी चलाई एक गोली पुलिस की गाड़ी के टायर में भी लगी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप रॉय को गोली लगी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दिलीप रॉय बिहार सीमा के रास्ते राज्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने सूचना के आधार पर उसे ट्रेस किया और पकड़ने की कोशिश की, लेकिन फायरिंग शुरू होने के बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पिछले चार दिनों से तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद सोमवार तड़के पुलिस टीम ने उसे ढूंढ निकाला। अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
