लुधियानाः दिवाली की रात दाना मंडी इलाके में गोली चलने का मामला सामने आया। जहां एक मजदूर परिवार के बच्चे को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। घायल बच्चे की पहचान 8 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए बच्चे की मां दीपा ने बताया कि उनका परिवार कूड़े-कबाड़ का काम करता है। घटना के वक्त कृष्णा और उनके अन्य बच्चे झोपड़ी के अंदर बिस्तर पर लेटे हुए थे जबकि दीपा बाहर खाना बना रही थीं और बच्चों के पिता पास ही बैठे थे।
दीपा के अनुसार अचानक कृष्णा बहुत जोर से रोने लगा। जब उन्होंने जाकर देखा तो उसके पेट में गोली लगी हुई थी। गोली लगने से बच्चा बेहोश होने लगा था जिसके बाद परिजनों ने घबराहट में जबरदस्ती खुद ही उसके पेट से गोली को बाहर निकाला और उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। मां का कहना है कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं है कि यह गोली किसने चलाई क्योंकि घटना के बाद बाहर देखने पर उन्हें कोई नजर नहीं आया।
अस्पताल में बच्चे का इलाज कर रहे डॉक्टर शिवम ने बताया कि बच्चे के पेट के बाईं तरफ जख्म है। परिवार वाले अपने हाथ में वह गोली भी लेकर आए थे जो उन्होंने बच्चे के पेट से निकाली थी। डॉक्टर के मुताबिक राहत की बात यह है कि बच्चे की हालत फिलहाल ठीक है। अस्पताल की सर्जरी और पीडियाट्रिक (बाल रोग) टीम मौके पर पहुंच गई है और बच्चे की गहन जांच कर रही है। डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि घाव देखकर प्रथम दृष्टया यह गोली लगने का ही मामला लग रहा है लेकिन पूरी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।
