फरीदाबादः हरियाणा में फरीदबाद के सेक्टर-58 में जमकर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। मिली जानकारी के अनुसार 100 रुपए की चाट उधार न देने पर विवाद हो गया। आरोप है कि चाट उधार मांगने आए युवक ने पहले रेहड़ी संचालक को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो युवक ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने गंडासे और चाकू से वार किए। हमले में 4 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 2 घायलों का इलाज चल रहा है। थाना सेक्टर-58 पुलिस को मामले की शिकायत मिली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। गांव झाड़सेंतली निवासी रूपचंद (35) सेक्टर-58 में आलू-चाट की रेहड़ी लगाता है। रात करीब 9 बजे वह रेहड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान पास में चिकन की दुकान लगाने वाला जयवीर उसके पास पहुंचा और 100 रुपए की चाट उधार मांगने लगा। रूपचंद ने उधार देने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई।
रूपचंद के भाई मनीष ने आरोप लगाया कि चाट उधार देने से मना करने पर जयवीर ने उसके भाई को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह और परिवार का सदस्य गेंदाराम बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि जयवीर ने अपने भाई रवि और पिता सतबीर को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद तीनों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मनीष के मुताबिक, आरोपियों ने गंडासे और चाकू से वार किए।
इसमें गेंदाराम के सिर में चोट आई, जबकि रोहित का कान कट गया। मनीष के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। हमले में कुल 4 लोग घायल हुए। सभी को अस्पताल ले जाया गया। गेंदाराम और रोहित का उपचार जारी है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना सेक्टर-58 के प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
