जींदः हरियाणा के जींद के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने आए एक कपल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दर्द की दवा मांगने पर डॉक्टर और स्टाफ ने पहले उनके साथ दुर्व्यवहार किया। जब कपल ने इसका विरोध किया तो स्टाफ ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति युवक को थप्पड़ मारने के बाद उसका गला पकड़कर खींचता दिखाई दे रहा है। रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी टैक्सी ड्राइवर सन्नी ने बताया कि उसके भाई सतीश की तेरहवीं थी। बीमारी के कारण सतीश की मौत हुई थी।
वह फोटोग्राफर का काम करता था। तेरहवीं में मामा और अन्य रिश्तेदार आए हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मामा से विवाद हो गया। सन्नी ने बताया कि विवाद बढ़ने पर मामा के बेटों ने घर आकर उसकी और उसकी पत्नी भावना की पिटाई कर दी। आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान उसकी पत्नी भावना को भी चोटें आईं। सन्नी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे वह और उसकी पत्नी इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। आरोप है कि करीब दो घंटे तक उन्हें उपचार नहीं मिला। दर्द बढ़ने पर उसने डॉक्टर से दवा देने को कहा, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
सन्नी का आरोप है कि इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने डॉक्टर के पास बार-बार जाने पर उसे धमकाया। उसने दवा देने या रेफर करने की बात कही तो गार्ड ने उस पर थप्पड़-मुक्कों से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी पत्नी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उसे पीटा गया। सन्नी का आरोप है कि घटना के वक्त अस्पताल में पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया। पिटाई के बाद ही पुलिसकर्मी उसके पास आए और मामले की जानकारी ली। इसके बाद डॉक्टर से उसे दवा दिलवाई। वीडियो में दो अन्य लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। कपल ने डॉक्टर पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उधर, मामले में PMO डॉ. रघुबीर पूनिया ने कहा कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
