बिजनौरः महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की आवासीय कॉलोनी से देर रात डीजे और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। आरोप है कि कॉलेज के सामने स्थित आवासीय परिसर में देर रात करीब 10 बजे जूनियर रेजिडेंट (JR), सीनियर रेजिडेंट (SR), इंटर्न्स और कुछ युवा डॉक्टरों ने तेज आवाज में डीजे बजाकर जश्न मनाया गया।
वहीं इस वायरल वीडियो के बाद सीनियर अधिकारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली कि मेडिकल कालोनी में जूनियर डॉक्टरों का निवास है। हाल ही में पीजी के नतीजे जारी हुए है और ऐसे में स्टूडेंट्स द्वारा पार्टी रखी गई। इसमें स्टूडेंट्स की गलती यह है कि उन्होंने इसकी परमिशन नहीं ली। वीडियो सामने आने के बाद वार्डन से प्राइमरी रिपोर्ट मांगी गई है, उसी के आधार पर मामले में जांच करने के बाद एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 3 से 4 वीडियो देखें गए और सभी छात्र एकत्रित थे। इस दौरान रिपोर्ट में देखा जाए कि किसने पार्टी आयोजित की और उसकी परमिशन क्यों नहीं ली गई, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, वायरल वीडियो में कई युवक-युवतियां रंग-बिरंगी लाइटों और स्मोक/फॉग के बीच डांस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में तेज आवाज में संगीत बजता सुनाई दे रहा है और इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। मामले को लेकर परिसर में देर रात तक शोर-शराबा और जश्न किए जाने की चर्चा है। वहीं, परिसर में शराब और बीयर के सेवन को लेकर भी चर्चाएं सामने आई हैं। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो और सामने आई शिकायतों के आधार पर मामले को लेकर कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर के नजदीक देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजने और आतिशबाजी किए जाने से मरीजों, तीमारदारों तथा मेडिकल कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को परेशानी होने का आरोप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में रात के समय इस तरह का शोर मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए असुविधाजनक हो सकता है।
