मानसाः जिले के गांव भम्मे कलां के दलजीत सिंह की मौत के 8वें दिन अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी बहन अमरजीत कौर ने भाई की अर्थी को कंधा दिया। बता दें कि दलजीत सिंह का शव 27 अक्टूबर की सुबह मानसा जिले के रामानंदी गांव के पास खेतों में मिला था। पुलिस ने शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई थी। उधर, गिरफ्तार युवक मनदीप सिंह की बहन ने दावा किया कि उसके भाई और अन्य युवकों को हत्या के मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है।
बहन के मुताबिक, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। बहन का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में दलजीत सिंह नशे का इंजेक्शन लगाने के लिए बाथरूम में जाता दिखाई देता है और काफी देर तक बाहर नहीं आता। जब युवक उसे देखने गए तो वह बेसुध हालत में मिला। बहन का कहना है कि भाई काफी समय से नशा करता था। परिवार ने तलवंडी साबो के एक नशा मुक्ति केंद्र में उसका इलाज भी करवाया था। करीब 6-7 महीने पहले वह नशा करने के एक मामले में जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया था।
पहले वह चिट्टा पन्नी पर लगाता था और बाद में इंजेक्शन से नशा करने लगा। उसकी नशे की आदत को देखते हुए परिवार ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। बहन के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने शुरुआत में घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग नहीं ली थी। बाद में जब परिवार ने दूसरे पक्ष से मुलाकात कर सीसीटीवी की बात उठाई तो पुलिस उनके घर पहुंची और कैमरों का DVR कब्जे में ले लिया। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया, जिससे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुड़ी हुई थी।
