शिमला: स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन ‘समावेशी नीति संकल्प’ की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा 18-19 नवंबर, 2026 को सुषमा स्वराज भवन, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में इस शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केंद्र, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता क्षेत्र की प्रमुख प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने के लिए एक साझा मंच प्रदान करना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की पहुंच, कवरेज और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए ठोस उपायों की पहचान करना है।
बैठक के दौरान डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि यह शिखर सम्मेलन हिमाचल प्रदेश को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के क्षेत्र में अपनी अग्रणी पहलों और नवोन्मेषी प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। प्रदेश की इन पहलों से जमीनी स्तर पर सकारात्मक एवं सार्थक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
