चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मंगलवार को जींद जिले की अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं वर्ल्ड चैंपियन मनीषा भनवाला ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कज़ाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने पर मनीषा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, कोच मनदीप सिंह भी मौजूद रहे।

मनीषा भनवाला ने कजाकिस्तान में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में 59 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने देश की पहली महिला पहलवान के रूप में यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की।

मनीषा इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में जॉर्डन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में 62 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा, वर्ष 2026 में आयोजित वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की बेटियां खेलों के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। मनीषा भनवाला जैसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रदेश की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
