मोहालीः खरड़ के सन्नी एन्क्लेव इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रवासी परिवार की मां 3 वर्षीय मासूम बेटी को झुंगियां रोड पर 77 स्वीट्स की दुकान पर छोड़ गई। काफी समय बीत जाने के बावजूद जब लड़की के परिजन वापस नहीं आए तो 77 स्वीट्स के मालिक हजूर सिंह ने सन्नी एन्क्लेव थाने में सूचना दी। उधर, बाजार के दुकानदार ज्ञान सिंह हैप्पी और हरप्रीत सिंह सोनी भी देर रात तक बच्ची के परिजनों की तलाश में जुटे रहे।
जब रात तक परिवार का कोई पता नहीं चला तो बच्ची की तस्वीर कई ग्रुपों में शेयर की गई, ताकि उसके परिवार तक पहुंचा जा सके। आखिरकार सुबह परिजनों को इसकी जानकारी मिली और वे 77 स्वीट्स की दुकान पर पहुंचे। इसके बाद 77 स्वीट्स के मालिक हजूर सिंह ने बच्ची को सनी एन्क्लेव थाने में परिजनों को सौंप दिया। दुकानदारों द्वारा दिखाई गई मानवता और जिम्मेदारी की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
